प्रदेश के कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही रविवार को परिवार सहित अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन-पूजन किए। सर्किट हाउस में कारागार विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि वे रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आए हैं और उनका मन बार-बार यहां आने का करता है। राम मंदिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामला जांच के दायरे में है। प्रदेश सरकार ने एसआईटी गठित की है और जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में जेलों में लगातार सुधार हुए हैं और उन्हें सुधार गृह के रूप में विकसित किया जा रहा है। जेल से कैदियों के फरार होने की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों में कार्रवाई की जा रही है। 2027 चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा चुनावी मोड में रहता है।