राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आठों आरोपियों को जिला कारागार अयोध्या में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया है। जेल प्रशासन ने रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, मनीष यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडे, रामशंकर मिश्रा और सुभाष श्रीवास्तव को अलग-अलग बैरकों में रखा है, ताकि वे आपस में संपर्क न कर सकें। प्रत्येक बैरक पर दो-दो सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है और आरोपियों को एक-दूसरे से मिलने की अनुमति नहीं दी गई है। जेल नियमों के अनुसार उन्हें बैरक से बाहर निकलने के लिए 24 घंटे में केवल एक घंटे का समय दिया जा रहा है। जिला कारागार अयोध्या के जेल अधीक्षक ने बातचीत में बताया कि सभी आरोपियों की सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की शिकायत पर बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज हुआ था और शुक्रवार को अदालत में पेशी के बाद सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। अब सोमवार को आठों आरोपियों की दोबारा कोर्ट में पेशी प्रस्तावित है।