राम की नगरी में एक बार फिर भक्ति और राष्ट्रभाव का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। 22 फरवरी, फाल्गुन शुक्ल पक्ष पंचमी के पावन अवसर पर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक श्रीराम जन्मभूमि परिसर में ‘श्रीरामार्चनम्’ कार्यक्रम के तहत प्रभु श्रीरामलला की स्तुति करेंगे। रामनगरी अयोध्या में 22 फरवरी का दिन खास होने जा रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विशेष रूप से प्रशिक्षित घोष दल, श्रीराम जन्मभूमि परिसर में मनोहारी घोषवादन और पथ संचलन का प्रदर्शन करेगा। करीब 100 स्वयंसेवकों का यह दल महीनों के अभ्यास के बाद तैयार हुआ है। अनुशासन, एकरूपता और समर्पण की झलक इस प्रस्तुति में साफ दिखाई देगी। कार्यक्रम के दौरान वेणु यानी बांसुरी, श्रृंग जिसमें स्वरद, तुर्य, नागांग और गौमुख शामिल हैं तथा शंख जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों का वादन किया जाएगा।