रामनगरी में आयोजित प्रादेशिक महापौर सम्मेलन में नगरीय विकास और स्वच्छता के नवाचारों पर मंथन किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए इस सम्मेलन में प्रदेश भर से आए महापौरों ने अपने-अपने नगरों में किए गए नवाचारों को साझा किया और एक-दूसरे के सफल प्रयोगों को अपनाने का संकल्प लिया। अयोध्या के महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या आज संस्कृति, विकास और नवाचार का प्रतीक बनकर विश्व पटल पर उभरी है। उन्होंने कोयला मंडी के विस्थापन से लेकर नगर के भव्य प्रवेश द्वार, राम की पैड़ी पर नित्य दीपावली, तीन शिफ्ट में स्वच्छता व्यवस्था, ऑटोमेटिक स्वीपिंग मशीन और हर घर सरयू जल योजना जैसे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर में रामगाथा आधारित पेंटिंग और रामधुन से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई जा रही है। महापौर परिषद के अध्यक्ष उमेश गौतम ने बरेली में बन रहे नाथ कॉरिडोर और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नवाचारों पर प्रकाश डाला। कानपुर, झांसी, लखनऊ, सहारनपुर, मुरादाबाद और गोरखपुर के महापौरों ने भी अपने-अपने शहरों के विकास मॉडल प्रस्तुत किए। सम्मेलन से पूर्व प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ का प्रसारण हुआ, जबकि नगर विकास मंत्री डॉ. एके शर्मा जूम के माध्यम से सम्मेलन से जुड़े।