समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने नीट परीक्षा को लेकर आंदोलनरत अभ्यर्थियों के समर्थन में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। तुलसी उद्यान से सरयू तट तक पैदल मार्च निकालकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक अस्थि विसर्जन करने की घोषणा की गई थी, लेकिन पुलिस ने कार्यक्रम से पहले ही कई पदाधिकारियों को कनीगंज स्थित उनके आवासों पर नजरबंद कर दिया। इसके बाद पदाधिकारियों ने वहीं अपना विरोध दर्ज कराया। महिला सभा की महानगर अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल ने कहा कि पुलिस कार्रवाई के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा और अब प्रतीकात्मक रूप से शिक्षा मंत्री की अस्थियों का विसर्जन सरयू के बजाय नाली में किया जाएगा। सपा के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विद्याभूषण पासी व छात्र सभा के प्रदेश सचिव ने कहा कि वे नीट परीक्षा में न्याय की मांग कर रहे अभ्यर्थियों के आंदोलन का समर्थन करते हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए प्रधानमंत्री से जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलनरत युवाओं से संवाद करने और पूरे प्रकरण में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।