कलर्स ऑफ अयोध्या अखिल भारतीय कला शिविर में रामनगरी की सांस्कृतिक, धार्मिक और लोक परंपराओं को कलाकारों ने अपनी कृतियों में अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत अवधी गीतों के साथ हुई, जिसके बाद देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों की तैयार कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में रामकथा, लोकजीवन, आध्यात्मिक भाव और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शिविर में महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और अन्य राज्यों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी कल्पनाओं और अनुभवों को कैनवास पर उतारा। प्रदर्शनी में कलाकारों ने अपनी कृतियों के पीछे की अवधारणाओं और उनसे जुड़ी कहानियों को भी साझा किया। प्रदर्शनी में पहुंचे कला प्रेमियों और दर्शकों ने चित्रों का अवलोकन कर कलाकारों के प्रयासों की सराहना की।