आगामी बकरीद त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को थाना तारुन परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी श्रेया ने की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह व प्रभारी निरीक्षक थाना तारुन देवेंद्र पाण्डेय मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु, ग्राम प्रधान व दोनों समुदायों के पीस कमेटी सदस्य शामिल हुए। अधिकारियों ने सभी से त्योहार को आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। निर्देश दिए गए कि कुर्बानी केवल निर्धारित स्थानों पर ही की जाए और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से बचें। खुले में कुर्बानी न करने तथा अवशेषों को इधर-उधर न फेंकने की हिदायत दी गई। एसडीएम श्रेया ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर न करें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह व प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पाण्डेय ने भी लोगों से सहयोग की अपील की। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।