आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में बिजली संकट, अघोषित कटौती, महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर गड़बड़ियों को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी में प्रदेश के कई जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे किसान, व्यापारी, छात्र और आम जनता परेशान हैं। ज्ञापन में बाराबंकी की उस घटना का भी उल्लेख किया गया, जिसमें बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। पार्टी ने सरकार की विद्युत व्यवस्था को विफल बताया। नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली मंत्री से समस्या उठाने पर वह “जय श्री राम” के नारे लगाने लगते हैं। जिलाध्यक्ष अनिल कुमार प्रजापति ने कहा कि सरकार बिजली व्यवस्था और नीट परीक्षा जैसे मामलों में विफल रही है। वहीं प्रदेश प्रवक्ता संजीव निगम ने आंदोलन की चेतावनी दी।