ड्राइवर को कॉफी में जहरीला पदार्थ पिला कर बेहोश कर कार लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना रौनाही पुलिस ने एसओजी की टीम के साथ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार सभी आरोपी सुल्तानपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 19 दिसंबर को थाना रौनाही क्षेत्र में एक ड्राइवर बेहोशी की हालत में मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद पीड़ित के भाई की तहरीर पर थाना रौनाही में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन में रैपीडो एप इंस्टॉल कर कार बुक की थी। यात्रा के दौरान रौनाही क्षेत्र में कॉफी पीने के बहाने कार रोकवाई गई और ड्राइवर को दी गई कॉफी में जहरीला पदार्थ मिला दिया गया। कॉफी पीते ही ड्राइवर बेहोश हो गया और आरोपी कार लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई कार और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।