अयोध्या मंडल के कमिश्नर राजेश कुमार ने आज कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कमिश्नर ने राजस्व सहायक एलबीएसी कार्यालय, शिकायत लिपिक कार्यालय, एलआरसी, डीएलआरसी तथा शस्त्र लिपिक कार्यालय का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में रखे अभिलेखों, लंबित मामलों और जनता से जुड़ी शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुण्डे समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कमिश्नर के दौरे को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया था। निरीक्षण के बाद कमिश्नर राजेश कुमार ने बताया कि सभी पटलों का निरीक्षण किया गया है और जल्द ही संबंधित अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रखरखाव और डिजिटलीकरण के लिए जियो के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाई जा सके।