प्रदेश की योगी सरकार के प्रयासों से अयोध्या न केवल आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उभर रही है, बल्कि चिकित्सा के क्षेत्र में भी नया कीर्तिमान स्थापित कर रही है। पहली बार अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में यूपी मासीकान-2025 कॉन्फ्रेंस का तीन दिवसीय आयोजन शुरू हुआ। इस कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के प्रख्यात सर्जन हिस्सा ले रहे हैं और नवीनतम चिकित्सा तकनीकों व नवाचारों पर चर्चा करेंगे। यह आयोजन न केवल चिकित्सकों के लिए ज्ञानवर्धन का अवसर होगा, बल्कि अयोध्या को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नया मुकाम भी देगा। यूपी चैप्टर के एसोसिएशन ऑफ़ सर्जन्स ऑफ इंडिया के बैनर तले तीन दिनी कार्यक्रम का आगाज शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में लाइव ऑपरेशन से हुआ। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य व कार्यक्रम के ऑर्गनाइजिंग प्रेसिडेंट डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया कि सर्जरी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों पर गहन चर्चा शुरू हुई है। देश-विदेश से आए विशेषज्ञ स्थानीय चिकित्सकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।