महानगर परिवहन सेवा के चालक परिचालक ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था से जोड़ने के विरोध में शनिवार को धरना शुरू कर दिया। आंदोलन में 54 चालक और परिचालक शामिल हुए, जिसके चलते शहर में संचालित 16 सिटी बसों का संचालन प्रभावित रहा। धरना दे रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से संविदा के आधार पर सेवा दे रहे हैं। उनका आरोप है कि उन्हें निजी एजेंसी के माध्यम से आउटसोर्सिंग व्यवस्था में शामिल किया जा रहा है, जबकि पूर्व में महानगर परिवहन सेवा के संविदा परिचालकों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के विभिन्न डिपो में समायोजित किया जाता रहा है। कर्मचारियों ने मांग की है कि उन्हें भी परिवहन निगम में आबद्ध किया जाए और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।