बोर्ड परीक्षा सम्पन्न होने के बाद अब परीक्षा केंद्रों से बची उत्तर पुस्तिकाएं (कॉपियां) और प्रश्नपत्र वापस मंगाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जनपद के 115 परीक्षा केंद्रों पर इस वर्ष 77,578 परीक्षार्थियों के लिए करीब 5 लाख कॉपियां उपलब्ध कराई गई थीं। परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में कॉपियां शेष बच गईं, जिन्हें अब सुरक्षित रूप से जमा कराया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अनुसार अब तक लगभग 2.83 लाख कॉपियां केंद्रों से वापस प्राप्त की जा चुकी हैं। शेष कॉपियों को भी शीघ्र जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभिलेखों का सही संधारण सुनिश्चित किया जा सके।