अयोध्या में भाजपा अब वक्फ कानून पर मुसलमानों को जागरूक करेगी। इसमें पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री व अन्य जनप्रतिनिधि भी भागीदारी करेंगे। अयोध्या विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी यहां के विधायक वेद प्रकाश गुप्त को दी गई है। मंगलवार को सर्किट हाउस में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त और भाजपा के महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि गरीब मुस्लिम भाइयों के लिए वक्फ कानून में संशोधन किया गया है। जिन लोगों ने वक्फ की जमीनों पर कब्जा कर रखा है, उनसे छुड़वाकर गरीब मुस्लिम भाइयों को उसका लाभ दिया जाएगा। जिस तरह से विपक्ष लोगों को गुमराह कर रहा है, उससे मुस्लिम भाइयों को गुमराह को नही होना चाहिए। वक्फ कानून क्या है, उसको बताने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में घर-घर पहुंचेंगे और लोगों को वक्फ संशोधन कानून से रूबरू करवाएंगे। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने कहा कि अयोध्या में भी वक्फ की बहुत सी जमीन है, जिन पर दबंग लोगों ने कब्जा कर रखा है, इसे उनसे छुड़ावाया जाएगा। किसी भी मुस्लिम भाई को किसी भी प्रकार से डरने की जरूरत नहीं है। किसी की कोई जमीन छीनी नहीं जाएगी बल्कि वक्फ की जमीन को सुरक्षित किया जाएगा ताकि उस जमीन पर मुस्लिम भाइयों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो सके। देखा गया है कि वक्फ की जमीनों पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है और गरीब मुस्लिम भाइयों को उसका कोई फायदा नहीं मिलता, इसलिए इस कानून के जरिये लोगों को जागरूक किया जाएगा।