अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के पाटोत्सव महोत्सव के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मणिराम दास की छावनी में हुए आयोजन में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से “श्री राम रक्षा स्तोत्र” का पाठ किया। वहीं सुंदरकांड पाठ की चौपाइयों ने पूरे परिसर को राममय कर दिया। जैसे ही स्तोत्र पाठ आरंभ हुआ, वातावरण में “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ भक्ति, अनुशासन और आस्था की अनुभूति फैल गई। इसके बाद सुंदरकांड पाठ में हनुमान चरित के प्रसंगों पर श्रद्धालु भाव-विभोर दिखे। कार्यक्रम के संयोजक राजानंद शास्त्री ने बताया कि अनुष्ठान का शुभारंभ महंत कमलनयन दास ने किया।