भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग टोबगे शुक्रवार को अयोध्या के दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे भारत पहुंच चुके हैं। वे इस समय बिहार प्रवास पर हैं। पांच सितंबर की सुबह लगभग 9:30 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगे। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से लगभग 15 किलोमीटर दूर उनके काफिले को प्रयागराज और लखनऊ-गोरखपुर हाईवे होते हुए राम मंदिर लाया जाएगा। इस दौरान हाईवे की एक लेन पर आवागमन बंद रहेगा। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पीएसी, सीआरपीएफ, एसएसएफ और सिविल पुलिस सभी को उनकी सुरक्षा में तैनात किया जाएगा। सभी सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है। इसके साथ ही एटीएस और एसटीएफ भी उनकी यात्रा की निगरानी करेंगी। यही नहीं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय भी भूटान के प्रधानमंत्री की यात्रा की निगरानी कर रहा है। करीब चार घंटे के प्रवास के दौरान वे श्रीरामलला, हनुमानगढ़ी और अयोध्या के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन करेंगे। प्रधानमंत्री का स्वागत जिला प्रशासन की ओर से रेड कार्पेट पर किया जाएगा। इसके साथ ही उनके सम्मान में विशेष दोपहर भोज का भी आयोजन किया गया है।