अयोध्या में तपस्वी छावनी में विश्व पर्यावरण दिवस व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में अश्वमेध महायज्ञ संपन्न हुआ। जगद्गुरु परमहंस आचार्य के नेतृत्व में आयोजित इस महायज्ञ में वैदिक विद्वानों, संतों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यज्ञ के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की गई। साथ ही प्रदेश और देश की उन्नति, सनातन संस्कृति के संरक्षण तथा भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प के साथ विशेष आहुतियां अर्पित की गईं। आयोजन में विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर भी चर्चा की गई और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया। महायज्ञ के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच सवा कुंतल देसी घी के लड्डुओं का वितरण किया गया। इस दौरान पूरे परिसर में धार्मिक और उत्सवी माहौल देखने को मिला। जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि योगी आदित्यनाथ प्रदेश और देश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए देवताओं से प्रार्थना की गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु और समर्थक उपस्थित रहे।