कोरोना ने अयोध्या में भी स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। कोरोना से बचाव के लिए सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बनियान ने अपने कार्यालय में स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की। सभी सीएचसी और पीएचसी अधीक्षकों को पत्र जारी किया जा रहा है कि वह सभी अलर्ट हो जाएं। सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी है। सीएमओ ने बताया कि किसी भी स्वास्थ्य कर्मचारी को बिना मेरे अनुमति के अवकाश नहीं दिया जाएगा। स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्र में एक आइसोलेशन वार्ड बनाएं। जल्द ही स्वास्थ्य विभाग कोरोना पर मॉक ड्रिल करेगा। रामलला का दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं को लेकर सीएमओ ने कहा कि वे सभी श्रद्धालु हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेंगे। अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से सेनेटाइजर और मास्क उपलब्ध कराया जाएगा। उनको कोरोना के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।