यूपी के अयोध्या में सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर धमकी भरा पोस्ट करने पर विवाद गहरा गया। इस पर बवाल हो गया। मामला रौनाही थाना क्षेत्र के देवई गांव का है। पड़ोसी गांव के कई दर्जन युवकों ने इंस्टाग्राम पर विवादित पोस्ट करने वाले युवक के घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने एक बुजुर्ग को मरणासन्न कर दिया। आरोपियों कई लोगों की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। हमले में कई लोग घायल हो गए। बुरी तरह से लहूलुहान एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गांव में दहशत फैलाने के लिए अवैध हथियारों के प्रदर्शन करने का भी आरोप लगा है। पड़ोसी गांव के युवक की ओर से इंस्टाग्राम की पोस्ट को डिलीट करने की बात न मानने पर विवाद बढ़ गया था। हालांकि पोस्ट डालने वाले युवक ने बताया कि पोस्ट को डिलीट कर दिया गया है। 24 घंटे में वह इंस्टाग्राम से हट जाएगी। सूचना मिलने पर रौनाही पुलिस के साथ एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी और सीओ सदर योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। एसपी ग्रामीण ने बताया कि हमला करने वाले 10 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।