बैराज के डाउनस्ट्रीम में जलस्तर घटा, घाटों से दूर हुई सरयू अयोध्या। गुप्तारघाट बैराज के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में जलस्तर कम होने से सरयू नदी का पानी प्रमुख घाटों से दूर खिसक गया है। नदी का जलस्तर घटने के कारण कई घाटों पर सीढ़ियों के नीचे काफी दूरी तक रेत और कछार दिखाई देने लगे हैं। इससे स्नान और पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को नदी तक पहुंचने में अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। स्थानीय निवासी अर्जुन दास के अनुसार पिछले कुछ दिनों से बैराज से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा में कमी आने के कारण डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। सुबह और शाम सरयू तट पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नदी किनारे उभरी रेत पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि बैराज से जल प्रवाह बढ़ने पर नदी का जलस्तर सामान्य हो सकता है।