बिहार के पर्यटन और संस्कृति मंत्री अरुण शंकर प्रसाद परिवार समेत रामनगरी अयोध्या पहुंचे। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु रामलला के दर्शन किए और खुद को अत्यंत सौभाग्यशाली बताया। राम मंदिर परिसर के पास अमावां मंदिर में उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि यह उनके जीवन का अत्यंत गौरवपूर्ण और भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रभु श्रीराम को पहले टेंट में देखने का सौभाग्य मिला था और आज उसी पावन स्थल पर भव्य और दिव्य मंदिर में दर्शन कर रहे हैं। यह आस्था, संघर्ष और संकल्प की ऐतिहासिक विजय है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इनके मजबूत नेतृत्व और संकल्प के कारण ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया है। मंत्री ने कहा कि वे काफी समय से अयोध्या आना चाहते थे, लेकिन अत्यधिक भीड़ के कारण पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें प्रतीक्षा करने की सलाह दी थी। अब भगवान रामलला का बुलावा आया और वे परिवार सहित अयोध्या पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि बिहार के सीतामढ़ी जिले में माता सीता के प्राकट्य स्थल पुनौरा धाम में 67 एकड़ भूमि पर भव्य सीता माता मंदिर के निर्माण का शिलान्यास हो चुका है। राम मंदिर की तर्ज पर बनने वाला यह मंदिर पर्यटन को बढ़ावा देगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।