हर साल सावन पूर्णिमा के दिन भाई और बहन के स्नेह का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन मनाया जाता है। इस बार पूरे देश में नौ अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जाएगा। रामनगरी अयोध्या में भी नौ अगस्त को धूमधाम से रक्षाबंधन के पर्व को मनाने की तैयारी है। इस दिन लोग अपने घर पर लक्ष्मी नारायण की पूजा करते हैं। पूजा के बाद बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है। भाई अपनी बहन को गिफ्ट देते हैं। साथ ही दुख और सुख में साथ देने का वचन देते हैं। यह पर्व रक्षा सूत्र का पर्व होता है। एक भाई अपनी बहन को रक्षा का वचन देता है। प्रभु राम की नगरी में वैसे तो हर तरह की राखी बिक रही है, चाहे वह खाटू श्याम की हो, वाहेगुरु की हो, लड्डू गोपाल की हो लेकिन प्रभु श्रीराम के नाम की राखी की डिमांड कुछ ज्यादा ही है। बहनों का कहना है कि हम भगवान राम की नगरी में रह रहे हैं तो भगवान राम के नाम की ही राखी खरीद कर भाई की कलाई में बाधेंगे। राम की नगरी में प्रभु श्रीराम के नाम की राखी की धूम मची हुई है। सभी दुकानों पर प्रभु श्रीराम के नाम की राखी की डिमांड बढ़ी हुई है। नौ अगस्त के पहले सभी बहनें राखी की दुकानों पर पहुंचकर प्रभु श्रीराम के नाम की राखी खरीद रही हैं। वहीं, दुकानदार ने बताया कि हमारी दुकान पर वाहेगुरु, खाटू श्याम, लड्डू गोपाल और शिर्डी के साईं बाबा के नाम की भी राखी है लेकिन अयोध्या श्रीराम की नगरी है तो यहां पर प्रभु राम के नाम की राखी की भारी डिमांड है।