बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती के मौके पर अयोध्या के अंबेडकर पार्कों की साफ-सफाई करके सजाया गया है। यहां पर अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। रविदास मंदिर में धूमधाम से जयंती मनाई गई। इस दौरान महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बाबा साहब की मूर्ति पर माल्यार्पण करके कार्यक्रम की शुरुआत की। पूरे दिन आंबेडकर पार्क और रविदास मंदिर पर धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही वृहद भंडारे का भी आयोजन जगह-जगह किया गया है। जयंती की पूर्व संध्या पर रविवार को प्रदेश सरकार के निर्देश पर जगह-जगह आंबेडकर पार्क में साफ सफाई की गई थी। सोमवार को यहां पर तमाम कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इस दौरान महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि बाबा साहब को पूरा देश श्रद्धा भरे हृदय से स्मरण कर रहा है। संविधान की व्यवस्थाओं के अनुरूप पूरा देश चल रहा है। हमारा देश सांस्कृतिक स्तर पर समावेशित देश बनकर उभरा है। इसमें सबसे बड़ा योगदान बाबा साहब की ओर से रचित संविधान का है। पूरा देश संविधान की गरिमा के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और अर्थशक्ति के रूप में तेजी के साथ विकसित हो रहा है। रविदास मंदिर के महंत बनवारी दास ने कहा कि पूरे देश और दुनिया में हर्षोल्लाह के साथ आज बाबा साहब की जयंती मनाई जा रही है। हम लोग बाबा साहब के विचारों पर सभी को चलने का संदेश देते रहे हैं। तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें मुख्य रूप से बाबा साहब का माल्यार्पण और वृहद भंडारे का आयोजन होगा।