रामसेवकपुरम में रामकथा कुंज की परिकल्पना तेजी से आकार ले रही है। इस योजना को किस स्थान पर मूर्त रूप दिया जाएगा यह अभी तय नहीं है। पहले इस योजना को राम मंदिर परिसर में क्रियान्यिवत किया जाना था लेकिन अब वहां भव्य राम मंदिर खड़ा है। ऐसे में योजना को कहीं और मूर्त रूप दिए जाने की तैयारी है। फिलहाल रामकथाकुंज आने वाले समय में श्रद्धा, संस्कृति और इतिहास का जीवंत केंद्र बनकर सामने आएगा। असम के सिलचर के मूर्तिकार रणजीत मंडल अयोध्या के राम सेवक पुरम में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की राम कथा कुंज परियोजना के लिए रामायण के लगभग 100 प्रसंगों को तराशने में व्यस्त हैं। रणजीत मंडल को भगवान राम के जन्म से लेकर उनके वनवास, रावण पर विजय और अयोध्या वापसी तक रामायण के 100 प्रसंगों को बनाने का कार्य सौंपा गया है। लगभग 85 एपिसोड (प्रसंग)तैयार हैं और प्रत्येक एपिसोड में तीन से सात पात्र हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम के आशीर्वाद से ही मैं इस परियोजना से जुड़ा हूं।