कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह शनिवार को अयोध्या में आयोजित एक धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने पश्चिम बंगाल में हिंदुओं पर हो रही बर्बरता के साथ ही नेशनल हेराल्ड मामले पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी। अयोध्या पहुंचे पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार की पूरे देश में निंदा हो रही है। पश्चिम बंगाल में हिंसा बंद होनी चाहिए। पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसा का असर पूरे देश में पड़ रहा है। केंद्र सरकार जल्द हस्तक्षेप करेगी। वहीं, नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस पार्टी की ओर से दिए जा रहे बयान व प्रदर्शन पर भी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि सभी को न्यायपालिका पर भरोसा करना चाहिए। सारे तथ्य सामने हैं। जांच चल रही है। पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में भ्रष्टाचार हुआ है।