रामनगरी अयोध्या में वकीलों के बाद अब व्यापारियों ने भी अयोध्या पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व पार्षद और अधिवक्ता आलोक सिंह गोलीकांड मामले में अब नया मोड़ आ गया है। इस प्रकरण में अयोध्या धाम के प्रतिष्ठित होटल व्यवसायी अनूप कुमार गुप्त का नाम सामने आया है। आलोक सिंह के भाई की तहरीर पर पुलिस ने होटल व्यवसायी को एफआईआर में नामजद किया है। जैसे ही व्यापारी का नाम सामने आया, व्यापारिक संगठनों में आक्रोश फैल गया है। होटल व्यवसायी अनूप कुमार गुप्त ने इस कार्रवाई को साजिश बताया है। उनका आरोप है कि बीते कई वर्षों से आलोक सिंह अलग-अलग माध्यमों से उनसे दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगते रहे हैं। इस मामले में उन्होंने अयोध्या के तत्कालीन एसएसपी को लिखित शिकायत भी दी थी। व्यापारी ने यह भी कहा कि आलोक सिंह ने उनकी जमीन पर कब्जे की कोशिश की थी, लेकिन 156(3) के तहत दायर मुकदमा कोर्ट ने खारिज कर दिया था। अयोध्या व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज गुप्त ने कहा कि एफआईआर दुर्भावना से प्रेरित लगती है। यदि दो दिन के भीतर होटल व्यवसायी का नाम नहीं हटाया गया तो व्यापारी समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। व्यापारिक संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। कहा है कि अनूप गुप्त का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाला जाए, ताकि सच सबके सामने आ सके। इस गोलीकांड को लेकर अयोध्या पुलिस के खिलाफ एक तरफ वकील लामबंद हैं तो दूसरी तरफ व्यापारी भी अब खुलकर सामने आ गए हैं।