अयोध्या में लगातार हो रही बारिश और नेपाल से छोड़े जा रहे पानी के कारण सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को सरयू का जलस्तर खतरे (लाल) के निशान के बेहद करीब पहुंच गया। नदी का जलस्तर लाल निशान से मात्र 52 सेंटीमीटर नीचे दर्ज किया गया, जिससे तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन ने नदी की निगरानी तेज कर दी है। बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संवेदनशील घाटों व निचले इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने तटवर्ती गांवों के लोगों से सतर्क रहने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि यदि जलस्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है। इसके मद्देनजर राहत एवं बचाव दलों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सरयू के तेज बहाव के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से नदी में स्नान व नाव संचालन के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।