अयोध्या में पावर कॉरपोरेशन को करीब पांच लाख रुपये की चपत लगाने वाले बिजली तार चोर गिरोह का रुदौली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो 33 केवीए बिजली लाइन के तार चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे चुके थे। कोतवाली रुदौली क्षेत्र के मीसा गांव में 34 बिजली के खंभों से 33 केवीए लाइन के तार काट कर चोरी कर लिए गए थे। इस घटना को लेकर कोतवाली रुदौली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से 13 बंडल एल्यूमिनियम तार, तीन फेस केबल का एक बंडल, आईटी एबीसी केबल के चार बंडल, तार काटने के उपकरण और तार ढोने में इस्तेमाल की गई एक पिकअप गाड़ी बरामद की गई है। पकड़े गए सभी आरोपी अयोध्या और बस्ती के निवासी हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने इससे पहले और किन-किन इलाकों में बिजली के तारों की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरी पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।