अयोध्या में बुधवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में घायल 32 वर्षीय युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। एक अन्य घायल का इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं तीसरे घायल युवक को इलाज के उपरांत डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी है। इनायत नगर थाना क्षेत्र के अहिरौली सलोनी गांव निवासी नरेंद्र कुमार पाल अपनी बहन की बरीक्षा से लौटे थे। देर शाम करीब 7:30 बजे भाई महेंद्र कुमार उर्फ किशन लाल व मामा रामसुमेर निवासी जोहन पाली के साथ मोटरसाइकिल से कुचेरा बाजार जा रहे थे। शाहगंज मोड़ पर कुचेरा बाजार की तरफ मुड़ते समय कुमारगंज से अयोध्या की तरफ जा रही तेज रफ्तार पिकप वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस व स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे नरेंद्र (32) की मौत हो गई। मामा का अभी इलाज चल रहा है। भाई किशनलाल को डॉक्टरों ने इलाज के बाद छुट्टी दे दी। नरेंद्र अपने पीछे छह वर्षीय पुत्र मानव, आठ वर्षीय पुत्री मानवी और पांच वर्षीय पुत्री महर को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। छोटे-छोटे बच्चों और महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करके विधिक कार्रवाई की जाएगी।