अयोध्या में अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन परिसर के निकट मुख्यमार्ग इन दिनों अवैध टैक्सी स्टैंड में तब्दील होता जा रहा है। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर पार्किंग क्षेत्र तक निजी टैक्सियों और ऑटो चालकों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अव्यवस्थित ढंग से खड़ी टैक्सियों के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य आवश्यक वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है। स्टेशन प्रशासन और जीआरपी की उदासीनता के चलते यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। यात्रियों का आरोप है कि कई बार मनमाना किराया वसूला जाता है और मना करने पर अभद्र व्यवहार भी किया जाता है। लखनऊ से आए यात्री राजेश वर्मा और अजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि स्टेशन से बाहर निकलते ही टैक्सी चालक घेर लेते हैं। तय किराए से दोगुना पैसा मांगते हैं, मजबूरी में देना पड़ता है। प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।