रामनगरी में भी सौहार्दपूर्ण माहौल में ईद उल अजहा (बकरीद) की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच पढ़ी गई। ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहर तक मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज पढ़ी गई। नमाज के बाद नमाजियों ने एक दूसरे को बधाई दी। शहर के सिविल लाइन ईदगाह में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने बकरीद की नमाज पढ़ी और देश के लिए अमन चैन की दुआ मांगी। सिविल लाइन ईदगाह पर आईजी प्रवीण कुमार, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। आईजी प्रवीण कुमार ने बताया की अयोध्या रेंज के सभी जिलों में सौहार्दपूर्ण बकरीद की नमाज संपन्न हुई है। परंपरागत रूप से कुर्बानियां भी कराई जा रही हैं। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक बकरीद की नमाज सकुशल संपन्न हुई है। कहीं कोई दिक्कत नहीं है। किसी भी समुदाय के लोग अगर सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।