गजरौला मार्ग पर बाइक से टकराने के बाद केमिकल से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई। सड़क पर खड़े ट्रक में आग लगने से जाम लग गया। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हादसे में एक युवक घायल हुआ है। उसका उपचार कराया जा रहा है। बताते हैं कि गांव सिहाली जागीर निवासी जमाल बाइक पर सवार होकर बुधवार की रात करीब 7.45 पर हसनपुर से अपने गांव की तरफ जा रहे थे। हसनपुर गजरौला मार्ग पर गांव मनौटा के पास सामने से आ रहे केमिकल से लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक ट्रक के नीचे घुस गई। हादसे में बाइक सवार बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक कूद कर भाग गया। इस दौरान अचानक ट्रक में आग लग गई। ट्रक से आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाने से पुलिस व दकमल की गाड़ियां पहुंच गई। करीब एक घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान मार्ग पर जाम लग गया। दूर-दूर तक वाहनों की लाइन लग गई। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई। ट्रक में केमिकल से भरे हुए ड्रम रखे हुए हैं। जिनकी वजह से आग ने विकराल रूप लिया। ट्रक कहां से कहां को जा रहा था, इसका पता लगाया जा रहा है।