मंडी धनौरा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी हिंदू व मुसलमान के बीच नफरत फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहती है। प्रदेश की जनता भाजपा की साजिश को समझ चुकी है। आगामी विधानसभा चुनावों में पीडीए की सरकार बनना तय है। वह नगर के एक बरातघर में आयोजित विधानसभा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले हर साल दो करोड़ नौकरी देने का वादा किया था। लेकिन हकीकत इससे पूरी तरह विपरीत है। प्रदेश के युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। नौकरी व रोजगार नहीं होने के कारण युवा आत्महत्या कर रहे हैं। लेकिन भाजपा सरकार युवाओं की ओर ध्यान नहीं देकर प्रदेश में साम्प्रदायिकता की राजनीति करने में मशगूल है। उन्होंने कहा कि धोखा देना भाजपा की फितरत बन गई है। भाजपा ने कहा कि सत्ता में आने पर किसानों की आय दोगुनी कर दी जाएगी। लेकिन सरकार की गलत नीतियों की वजह से आज खेती घाटे का सौदा बन चुकी है। किसानों को उनकी उपज का दाम भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव प्रदेश की जनता के लिए कड़ी परीक्षा का समय होगा। प्रदेश की जनता को बेहद सावधानी से अपने मत का प्रयोग करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाएं। प्रदेश की जनता उम्मीद भरी नजरों से सपा की ओर देख रही है। सम्मेलन में पूर्व मंत्री कमाल अख्तर ने कहा कि भाजपा हिंदु-मुस्लिम के नाम पर लोगों को भड़काने का काम कर रही है। भाजपा राज में किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं व व्यापारी सभी परेशान हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की नाकामी व सपा की नीतियों की जानकारी घर घर जाकर लोगों को दें। उनका कहना था कि इस बार पीडीए की सरकार बनना तय है। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मस्तराम यादव ने तथा संचालन महासचिव चंद्रपाल सैनी ने किया।