शिव इंटर कॉलेज की कक्षा दस और 12वीं की छात्राओं ने थाना भ्रमण कर जाना कि पुलिस किस तरह काम करती है। रिसेप्शन के भ्रमण में ज्ञान हुआ कि पीड़ित अपना प्रार्थना पत्र यहां पर देता है। जीडी कक्ष का भ्रमण करने पर पुलिसकर्मियों केे आगमन और रवानगी के साथ ही रिपोर्ट दर्ज होने का पता चला। मंगलवार को शिक्षिका चंचल चौधरी और खेल प्रशिक्षक बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में कॉलेज की कक्षा 10 और 12 वीं की 40 छात्राएं अमर उजाला की तरफ से भ्रमण के लिए थाने में आईं। सबसे पहले इंस्पेक्टर क्राइम जग मोहन कश्यप ने छात्राओं को रिसेप्शन कक्ष दिखाया। बताया कि कोई भी फरियादी या पीड़ित थाने में आकर रिसेप्शन पर अपना प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाता है। यहां पर तैनात पुलिसकर्मी उसे प्रभारी निरीक्षक या संबंधित पुलिसकर्मी के पास भेज देता है। नियंत्रण कक्ष में छात्राओं को दिखाया कि थाना क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर होने वाली घटनाएं या हादसे, सभी की तस्वीर कैमरे में कैद हो जाती है। कोई घटना या हादसा हो जाने पर यहां का तैनात पुलिसकर्मी तुरंत आला अफसरों को सूचना देता है। पुलिस मौके पर पहुंच जाती है। साइबर सेल का भ्रमण कराते हुए बारीकी से बताया कि यहां पर ऐसे मामले आते हैं, जिनमें किसी के साथ साइबर ठग द्वारा घटना की जाती है। साथ ही छात्राओं से कहा कि वह सावधानी बरतकर ही साइबर अपराधी का शिकार होने से बच सकती हैं। जीडी कक्ष के साथ ही मालखाना दिखाया। बंदीगृह का छात्राओं ने भ्रमण किया। उनको बताया कि शातिर अपराधी इसमें लाकर बंद किया जाता है। डाक कार्यालय के बारे में बताया कि पुलिस के बाहर से आने वाले सभी कागजातों को यहां का पुलिसकर्मी देखता हैै। साथ ही बाहर जो कागज भेजे जाते हैं, वह भी डाक मुंशी पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी होती है। एसएसआई अभिलाष प्रधान, एसआई जोगेंद्र सिंह, चौपला चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार ने भी छात्राओं को विस्तार से पुलिस के कार्य बताए। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने छात्राओं केे सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासा को शांत किया।