गजरौला के गांव खाईखेड़ा खादर में घर-घर पानी पहुंचाने के लिए 2022 में सीसी सड़क को तोड़ दिया गया। आधे गांव में पाइप लाइन बिछाई गई। इसके बाद काम नहीं किया। सड़क भी दुरुस्त नहीं की गईं। खाईखेड़ा ग्राम पंचायत का मझरा, जिसे छोटा खाईखेड़ा या खाईखेड़ा की मढ़ैयों कहा जाता है, उसकी आबादी दो हजार है। यहां की हालत और भी खराब है। यहां निवासी शौकत, फय्याज अहमद, सदाकत, सद्दाम अली आदि ग्रामीणों ने बताया कि चार साल पूर्व गांव की मुख्य सीसी सड़क ताेड़ दी गई। जिस पर पाइप लाइन बिछाने का काम नहीं किया गया। इस सड़क से 20 गांवों के ग्रामीण गुजरते हैं। हर समय पानी भरा रहता है। टूटी सड़क के कारण हादसे का डर बना रहता है। ग्राम प्रधान हेमंत शर्मा, जो राष्ट्रीय पंचायती राज प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष हैं, उनका कहना है कि गांव में पेयजल के लिए टंकी तक नहीं बनाई गई। सड़क काे ताेड़कर छोड़ दिया गया है। वह दस बार शिकायत कर चुकेे हैँ, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। उनका कहना है कि न तो ग्रामीणों को पाइप लाइन से पानी मिला और न ही सड़क दुरुस्त की गई।