संविधान दिवस पर आयोजित मैत्री क्रिकेट मैच में पुलिस इलेविन की टीम ने जुबिलेंट इलेविन टीम को 35 रनों से पराजित किया। दो चौका मारकर एसपी अमित कुमार आनंद ने दस रन बनाए। उनको मैन ऑफ द मैच दिया गया। जुबिलेंट के फुटबॉल मैदान में मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। एसपी अमित कुमार आनंद के नेतृत्व में पुलिस इलेविन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। शानदार प्रदर्शन करते हुए एसपी अमित कुमार आनंद ने दो चौके लगाकर 10 रन बनाए, लेकिन वह कैच आउट हो गए एएसपी अखिलेश भदौरिया 16 रनों पर सिमट गए जबकि सीओ अभिषेक कुमार महज दो रनों पर ही कैच आउट हो गए। पूरी टीम 67 रन बनाकर आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी जुबिलेंट इलेविन की टीम के कप्तान डॉ. सुजिंदर फोगाट दूसरी बॉल पर ही कैच आउट होकर पावेलियन लौट गए। पुलिस इलेविन टीम के शानदार फील्डिंग के कारण जुबिलेंट इलेविन की टीम 12वें ओवर में ही 32 रन पर ऑल आउट हो गई।इस तरह पुलिस की टीम ने 35 रन से मैच जीत लिया। इस दौरान मैच की कमेंट्री अरुण प्रताप सिंह एवं तरुण धीमान ने संयुक्त रूप से की। जुबिलेंट के यूनिट हेड विनोद झा ने एसपी अमित कुमार आनंद को डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा भेंट की। एसपी ने संविधान दिवस पर जुबिलेंट द्वारा क्रिकेट मैच का आयोजन कराने के लिए प्रबंधन की प्रशंसा की। इस दौरान जुबिलेंट के जनसंपर्क निदेशक सुनील दीक्षित ने कहा कि जल्द ही अगला मैच कराया जाएगा। एसपी ने विजेता एवं उप विजेता टीम को अपने हस्ताक्षर किए हुए बल्ले वितरित किए। सीओ अंजलि कटारिया, इंस्पेक्टर मनोज कुमार, पीआरओ शौकिंद्र बालियान, विशाल गौरव, पुनीत तिवारी, अमित पांडेय, वीरेंद्र सिंह, सुनील ए सिंह, पुनीत गुप्ता, दिलीप पांडेय आदि मौजूद रहे।