अंडरपास ढक जाने से बारिश में नहीं होगी जल भराव की समस्या उत्पन्न संवाद न्यूज एजेंसी गजरौला। 70 लाख रुपये से ओसीता जगदेवपुर का रेलवे अंडरपास ढका जाएगा। उसके बाद अंडरपास में बरसात होने पर जल भराव की समस्या उत्पन्न नहीं होगी। गुजरने वाले लोगों का आवागमन सुगम होगा। ओसीता जगदेवपुर रेलवे अंडरपास दिल्ली-लखनऊ रेलवे लाइन पर स्थित है। धनौरा, बछरायूं, चांदपुर के लोग दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ आदि को आने जाने के लिए इस अंडरपास से गुजरते हैं। उनको करीब 15 किमी का चक्कर लगाना नहीं पड़ता। हाईवे-9 से ओसीता जगदेवपुर से कांकाठेर और तिगरी होकर गंतव्य पर पहुंचते हैं। मगर जल निकासी का इंतजाम नहीं होने के कारण अंडरपास में बरसात होने पर पानी भर जाता है। कभी कभार तो तीन फीट तक पानी खड़ा हो जाने के कारण कार और दोपहिया वाहनों का आवागमन बंद हो जाता है। रेलवे को पंपसेट लगाकर पानी निकालना पड़ता है। इस समस्या का समाधान कराने के लिए रेलवे ने अंडरपास को ढकने का निर्णय लिया। सीनियर सेक्शन (कार्य) नवीन पाल का कहना है कि अगले साल से अंडरपास ढके जाने का काम किया जाएगा।