ज्ञान भारती इंटर कॉलेज की दसवीं और 12वीं की छात्राओं ने थाने का भ्रमण कर विस्तार से यह जाना कि पुलिसकर्मी किस तरह से काम करते हैं। छात्राओं को साइबर अपराध से बचने के लिए सावधान रहने और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। शुक्रवार सुबह महेश शर्मा व निधि विधूड़ी के नेतृत्व में कॉलेज की 45 छात्राएं थाना भ्रमण के लिए आईं। यहां पर सबसे पहले कुमराला चौकी इंचार्ज नीतेंद्र वशिष्ठ व महिला दरोगा जानकारी गौतम ने छात्राओं को रिसेप्शन का भ्रमण कराया। इसके बाद काफी देर तक बताया कि उनको साइबर अपराध से किस तरह बचना है। नियंत्रण कक्ष भ्रमण कराया। दिखाया कि थाना क्षेत्र में सभी प्रमुख स्थानों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे इस नियंत्रण कक्ष से जुड़े हैं। इसमें तैनात पुलिस कर्मी प्रमुख चौराहों और सावर्जनिक स्थानों पर होने वाली घटनाओं पर नजर रखता है। इस दौरान छात्राओं को जागरूक किया कि वह अपने पिता और भाइयों को बताएं कि सदैव हेलमेट लगाकर ही दोपहिया वाहन चलाएं। कार चलाते समय सीट बेल्ट बांधे। हादसे का शिकार होने से बचने के लिए आगे चल रहे वाहन से कम से कम 70 मीटर की दूरी पर अपना वाहन रखना चाहिए। निरीक्षक कार्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि यहां पर आने वाले हरेक फरियादी और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करना और उसकी समस्या का निराकरण उनकी जिम्मेदारी है। छात्राओं ने कम्प्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस और साइबर सैल का भ्रमण किया। देखा कि पुलिस किस तरह एफआईआर दर्ज करती है। साइबर सैल के पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को जागरूक किया कि अपना फोटो मोबाइल की डीपी पर न लगाएं। किसी को अपनी व्यक्तिगत जानकारी न दें। महिला हेल्प डेस्क के बारे में जानकारी ली। डाक कार्यालय दिखाया। बताया कि थाने में आने वाली सभी डाक इसी में आती हैं। इंस्पेक्टर क्राइम अमरपाल सिंह ने भी छात्राओं को पुलिस के कार्यों से अवगत कराया।