सावन माह की कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जाम की स्थिति बनने पर यातायात को सुचारू करने के लिए डिवाइडर को अस्थायी रूप से हटाया जा सकता। उससे वाहनों को निकाला जाएगा। कुछ ही दिनों में सावन माह की कांवड़ यात्रा शुरू होगी। पूरे महीने हाईवे कांवड़ियों के रंग में रंगा रहेगा। दूर-दूर तक कांवड़ियों के जत्थे दिखाई देंगे। दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों की लेन कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रहेगी, जबकि मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले वाहनों की लेन पर दोनों दिशा में आने जाने वाले वाहन दौड़ेंगे। कई बार वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बन जाती है। जिससे लोगों को परेेशानी का सामना करना पड़ता हैै। कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे पर जाम न लगे, इसके लिए पुलिस ने अतिरिक्त व्यवस्था की है। एमडीए कॉलोनी के सामने हाईवे पर ऐसा स्थान चिन्हित किया है, जहां पर डिवाइडर को अस्थायी रूप से हटाकर वाहनों को निकाला जाएगा। हाईवे चौड़ीकरण कंपनी के जीएम ललित मोहन तिवारी ने कहा कि हाईवे पर भीषण जाम की स्थिति बन जाने पर वाहनों को अस्थायी डिवाइडर से निकाला जाएगा। बाद में इसे बंद कर दिया जाएगा।