ज्येष्ठ दशहरा पर तिगरी व ब्रजघाट गंगा में श्रद्धालुओं के सकुशल स्नान के लिए बाढ़ राहत पीएसी, पीएसी जवान व पुलिस कर्मी मुस्तैद रहेंगे। छह नावों में सवार गोताखोर गंगा में गश्त पर रहेंगे। तिगरी में शिव चौराहा से आगे कोई वाहन नहीं जाने दिया जाएगा। वहीं हाईवे पर पांंच इंस्पेक्टर, 50 सिपाही और 20 दरोगा तैनात रहकर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को चाक चौबंद रखेंगे। सोमवार को ज्येष्ठ दशहरा पर तिगरी गंगा में 20 से 25 हजार श्रद्धालु स्नान कर पुण्य कमाएंगे। इसके अलावा अमरोहा जिले की सीमा में ब्रजघाट गंगा में भी हजारों श्रद्धालु स्नान करेंगे। ज्येष्ठ दशहरा पर गंगा स्नान के दौरान हाईवे व गजरौला से तिगरी तक जाम न लगे। इसके लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि हाईवे पर पांंच इंस्पेक्टर, 50 सिपाही और 20 दरोगा मुस्तैद रहेंगे। गंगा किनारे चौकी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। उन पर श्रद्धालुओं को गहरे जल में जाने से रोकने की जिम्मेदारी होगी। तिगरी गंगा में छह गोताखोरों को लगाया गया है। पांच कुशल नाविक नावों के साथ गंगा में गश्त पर रहेंगे। इसके अलावा एक प्लाटून पीएसी जवानों को तैनात किया गया हैै। एक प्लाटून बाढ़ राहत पीएसी जवान मुस्तैद रहेंगे। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए तिगरी में शिव चौक से कोई भी भारी वाहन अंदर नहीं जाने दिया जाएगा।