कमरौली के दीना का पुरवा सिंदूरवा गांवउ निवासी शिवशंकर ने अपनी पत्नी उमा का विवाह उनके प्रेमी विशाल से करा दिया। औद्योगिक क्षेत्र स्थित आदित्य बिड़ला मंदिर में सामाजिक परंपराओं के बीच संपन्न इस शादी में वरमाला और सिंदूर की रस्म भी पूरी कराई गई। इसके बाद पति ने स्वयं पत्नी को प्रेमी के साथ विदा किया। शिवशंकर ने बताया कि उनकी शादी 2 मार्च को रानीगंज निवासी समई प्रजापति की बेटी उमा से हुई थी। विवाह के बाद भी उमा का संपर्क अपने पुराने प्रेमी विशाल से बना रहा। वह मोबाइल पर बातचीत करती रहीं और चोरी-छिपे मुलाकातें भी जारी रखीं। शुरुआत में पति ने पत्नी को समझाने का प्रयास किया और घर-परिवार की जिम्मेदारियों का हवाला दिया, लेकिन वह अपने रिश्ते को छोड़ने को तैयार नहीं हुईं। धीरे-धीरे घर में विवाद बढ़ता गया। 29 मई को उमा मायके चली गईं और कई महीनों तक वहीं रहीं। अगस्त में ससुराल लौटीं तो भी आदतें नहीं बदलीं। पति के सो जाने के बाद मोबाइल पर प्रेमी से बातचीत करते देख दोनों के बीच झगड़ा हो गया। मामला बढ़ा तो पुलिस तक पहुंचा। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को शांतिभंग की धारा में पाबंद कर दिया। इसके बाद शिवशंकर ने पत्नी से अलग होने का निर्णय लिया। आपसी सहमति से तय हुआ कि उमा और विशाल का विवाह मंदिर में कराया जाए। परिजनों व ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों का विवाह हुआ और रस्मों के बाद विदाई दी गई। इस पूरे घटनाक्रम ने गांव ही नहीं बल्कि पूरे इलाके में लोगों को हैरान कर दिया है। गांव में लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की राय जता रहे हैं। कोई इसे मजबूरी का परिणाम मान रहा है तो कोई पति की दिलेरी की मिसाल बता रहा है।