अमेठी सिटी। पावर कारपोरेशन की ओर से उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में छूट देने के लिए बिजली बिल राहत योजना के तहत कार्यालय सहित गांव-गांव शिविर लग रहे हैं। मंगलवार को गौरीगंज उपखंड कार्यालय पर उपभोक्ताओं की कतार दिखी। अफसर बाबू शिविर में नदारद होने से उपभोक्ताओं को छूट की जानकारी नहीं मिल पा रही है। लोगों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। जिले में इस योजना के तहत घरेलू एक व दो किलोवॉट और एक किलोवॉट वाणिज्य के उपभोक्ताओं को छूट दी जा रही है। तीन चरण में चलने वाले शिविर में पूर्ण ब्याजमाफी के साथ मूलधन में छूट मिलेगी। गौरीगंज, अमेठी, जगदीशपुर और तिलोई के सभी उपखंड कार्यालय सहित गांवों में शिविर लग रहा है। गौरीगंज उपखंड कार्यालय पर आयोजित शिविर में मंगलवार को उपभोक्ताओं की कतार दिखी। यहां पर मिली उपभोक्ता जुडियापुर निवासी सीता पाल ने बताया कि उनका बिजली बिल 1.72 लाख रुपये का है। वह करीब 20 वर्षों से बाहर रहती हैं और घर पर ताला बंद रहता है। बिजली कनेक्शन भी कटा हुआ है। कहा कि यहां पर आई तो अफसर और बाबू नहीं हैं, बिल में कितनी छूट मिलेगी इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है। राधीपुर के कृष्ण कुमार ने बताया कि उनके घर पर तीन-चार पंखे व छह एलईडी लाइट के अलावा और कुछ नहीं चलता है। कहा कि पांच माह से लगातार विभाग की ओर से हर माह सात से नौ हजार रुपये बिल आ रहा है। इस समय उनका बिजली बिल 59 हजार रुपये हो गया है। छूट की जानकारी मिली तो वही पता करने करने आया हूं। वहीं राजगढ़ निवासी अमरजीत ने बताया कि उनका 71 हजार रुपये से अधिक का बिजली बिल आ गया है। पंजीकरण कराने के बाद 21 हजार रुपये की छूट मिली है। अभयराज ने बताया कि उनका बिजली बिल 15400 रुपये था, पंजीकरण कराने के बाद 4763 रुपये की छूट मिली है। जेई अमृतलाल और जेई ऋषि कुमार ने बताया कि वह गांव में आयोजित शिविर में हैं। वहां पर एक काउंटर संचालित है, जहां उपभोक्ताओं का पंजीकरण कर छूट प्रदान की जा रही है।