अमेठी जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेला आयोजित हुआ। मेले में मरीजों का परीक्षण कर उपचार किया गया, जबकि गंभीर हालत वाले मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। मेले में पहुंचे अधिकांश मरीज बुखार, पेट दर्द, दस्त से पीड़ित मिले। गौरीगंज के सैंठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. यश त्रिपाठी और डॉ. महेंद्र कनौजिया की मौजूदगी में मेला आयोजित हुआ। दोपहर 11:10 बजे तक आयुष चिकित्सक नर्सिंग ऑफिसर खुशबू यादव, प्रतिभा सोनी, फार्मासिस्ट विक्रम प्रसाद, एलटी एसबी कुशवाहा, सीएचओ स्वाति कुमारी, एनएम कंचन पांडेय, पूजा तिवारी संग अन्य कर्मी मौजूद रहे। इस समय तक पहुंचे 53 मरीजों में 25 का परीक्षण किया गया। सैंठा गांव निवासी राम समुझ ने बताया कि करीब 15 दिनों से बुखार के साथ जोड़ों में दर्द बना हुआ है। बाहर से दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिला। चिकित्सक ने जांच कराकर दवा दी है। इसी गांव की विद्या देवी ने बताया कि दो दिन से वह पेट दर्द व गैस की समस्या से परेशान है। निजी इलाज और घरेलू उपाय के बाद भी राहत नहीं मिली। चिकित्सक ने दवा के साथ खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी। वहीं वृद्ध झनक्का देवी ने बताया कि शनिवार शाम से उन्हें पेट दर्द, दस्त और गैस की समस्या बनी हुई है। चिकित्सक ने दवा देने के साथ ही ओआरएस डालकर ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है। छेदीराम का पुरवा गांव निवासी मालती देवी ने बताया कि दो दिन से उन्हें बुखार के साथ हाथ-पैर में दर्द बना हुआ है। चिकित्सक ने जांच कराई। दवा देने के साथ ही धूप से बचाव करने की सलाह दी है। शिवकुमारी ने बताया कि आठ दिनों से भूख नहीं लग रही है। हाथ-पैर में दर्द बना हुआ है। चिकित्सक ने मेले में जांच कराने के बाद दवा देने संग खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है। अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर दवा दी और लू के साथ ही बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।