रायबरेली के डीह क्षेत्र के पूरे बंशी मजरे पोठईं गांव की रहने वाली 34 वर्षीय संगीता की बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में फुरसतगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका की बेटी पायल ने अपने पिता राजेश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पायल का कहना है कि उसके पिता शराब के नशे में अक्सर मां के साथ मारपीट करते थे और यह सब उसकी दादी (आजी) के कहने पर होता था। बुधवार रात भी पिता ने मां के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल लाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पायल ने बताया कि उसका एक छोटा भाई दीवान (4 वर्ष) भी है और अब दोनों अपने पिता के साथ नहीं रहना चाहते। फुरसतगंज थाना प्रभारी श्रीराम पांडे ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। चूंकि यह मामला रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र से जुड़ा है, इसलिए संबंधित थाने को सूचना दे दी गई है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।