अमेठी के टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुंशीगंज के शिवगंज गांव के पास बृहस्पतिवार देर रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से चला गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मुंशीगंज क्षेत्र के श्री का पुरवा निवासी करन (20) तथा सुल्तानपुर के कोतवाली नगर क्षेत्र के घसीटू का पुरवा निवासी अंकित (20) और अर्जुन (22) गांव में आयोजित बरीक्षा कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। देर रात तीनों एक ही बाइक से लौट रहे थे। शिवगंज गांव के पास कट के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में करन और अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अर्जुन को सुल्तानपुर जिला अस्पताल भेजा गया। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के समय ट्रक तेज रफ्तार में था। घटना के बाद चालक वाहन समेत रायबरेली की ओर चला गया। सूचना पर मुंशीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।