अमेठी। गौरीगंज विधानसभा से चार बार विधायक रहे पूर्व विधायक तेजभान सिंह की अस्थि कलश यात्रा बृहस्पतिवार को उनके पैतृक गांव अचलपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प अर्पित कर पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। अस्थि कलश यात्रा अचलपुर से शुरू होकर गोपालपुर, हरगांव, जोरावरपुर, बहादुरपुर, जामो, गौरीगंज और अमेठी होते हुए प्रयागराज के लिए रवाना हुई। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और क्षेत्रीय लोग शामिल रहे। कई स्थानों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत कर पुष्पवर्षा की और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। यात्रा में गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। लोगों ने तेजभान सिंह के जनसेवा, विकास कार्यों और सरल स्वभाव को याद किया। गौरतलब है कि बीते शनिवार को लंबी बीमारी के बाद लखनऊ के मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान तेजभान सिंह का निधन हो गया था। उनके निधन पर कई जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की थी। प्रयागराज में गंगा में अस्थि विसर्जन के साथ यात्रा का समापन होगा।