अमेठी। जिला मुख्यालय गौरीगंज के मुंशीगंज रोड स्थित सराय भागमानी गांव में बने 132 केवी पावर हाउस के वितरण भंडार में रविवार अपरान्ह आग लग गई। आग की चपेट में आकर केबल तारों के कई ड्रम जल गए। प्रारंभिक अनुमान में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। पावर हाउस परिसर में ट्रांसफार्मर मरम्मत कार्यशाला के साथ विद्युत पोल और केबल तारों का भंडारण स्थल भी बना है। खुले स्थान पर रखे ड्रमों में लिपटे केबल तारों में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और कई बंडल अपनी चपेट में ले लिए। ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई देता रहा। आग की चिंगारी पास के खेतों तक पहुंचने लगी, जिससे खतरा बढ़ गया। किसानों ने तत्काल प्रयास कर आग को फसल तक फैलने से रोक लिया। कर्मचारियों ने अग्निशमन विभाग को सूचना देने के साथ उपलब्ध संसाधनों और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जेई पवन यादव ने बताया कि कई बंडल केबल तार जल गए हैं। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। नुकसान का आकलन जांच के बाद किया जाएगा।