अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाने में तैनात एक दरोगा की अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दरोगा दांत पीसते हुए पीड़ित की तरफ बढ़ता है लेकिन इसी बीच उसकी निगाह वीडियो बना रहे व्यक्ति पर पड़ जाती है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। सेमरौता गांव निवासी मनु मिश्रा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा है कि शिवरतनगंज के एक दरोगा ने शनिवार की शाम हनुमानगंज चौराहे पर चेकिंग लगा रखी थी। इस दौरान हेलमेट नहीं होने पर एक हजार रुपये का चालान काटने को कहा। वहीं, चालान नहीं भरने के एवज में पांच सौ रुपये घूस की मांग की। जब मैंने दरोगा का नाम पूछा तो मारने दौड़े और अभद्रता के साथ गालीगलौज की। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार प्रजापति ने बताया कि ऐसे किसी वीडियो की जानकारी उन्हें नहीं है और न ही किसी ने कोई शिकायत की है। शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।