लखनऊ-सुल्तानपुर रेल ट्रैक पर शनिवार को अमेठी के निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की सक्रियता के चलते कछुआ तस्करी का मामला सामने आया है। देहरादून से हावड़ा जाने वाली कुंभ एक्सप्रेस के आने से पहले प्लेटफॉर्म पर रखे तीन लावारिस बैगों से 13 कछुए बरामद किए गए। आरपीएफ टीम को प्लेटफॉर्म पर जांच के दौरान तीन संदिग्ध बैग दिखाई दिए। काफी देर तक कोई व्यक्ति बैग लेने नहीं आया। इस पर टीम ने बैगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैगों में 13 कछुए मिले। इनमें आठ छोटे और पांच बड़े कछुए शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन कछुओं को तस्करी के लिए पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। बैग लावारिस मिलने के कारण किसी व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी वन विभाग और जीआरपी सुल्तानपुर को दी। टीम ने कछुओं को कब्जे में लेकर उनकी प्रजाति, आकार और कीमत का आकलन शुरू कर दिया है। आगे की कार्रवाई के लिए संयुक्त रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार रेलवे स्टेशनों के जरिए वन्यजीव तस्करी के मामले सामने आते रहते हैं। इसे देखते हुए जांच और निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।