यूपी के अमेठी में निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई और उसके दो सगे भाइयों को जख्मी कर दिया गया है। दो भाई पंजाब से आकर लखनऊ में बेगमपुर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुए थे। जबकि तीसरा भाई उन्हें लेने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वारदात अंजाम देने के बाद अज्ञात हमलावर इसी ट्रेन पर सवार होकर चले गए। घायलों में एक युवक को लखनऊ रेफर किया गया है, दूसरे का जगदीशपुर ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। ट्रेन की बोगी में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरपीएफ मामले की जांच पड़ताल कर रही है।